झारखंड में नक्सलियों ने उड़ाया रेलवे ट्रैक, 29 मई को किया बंद का ऐलान

रांची। झारखंड में रविवार रात 12.40 बजे गया-धनबाद रूट पर हजारीबाग स्टेशन के पास नक्सलियों ने रेलवे ट्रैक उड़ा दिया। इसके चलते हावड़ा-नई दिल्ली रेल लाइन सेवा बाधित हो गई है। घटना के बाद पटरी को ठीक करने का काम किया जा रहा है।

इसके अलावा माओवादियों ने गिरिडीह डुमरी मार्ग पर एक बोलेरो गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। ये घटना सुबह करीब 3 बजे की है। नक्सलियों ने बिरनी के गारागुरो इलाके में एक निर्माणाधीन सड़क पर 3 मशीनों को जला दिया।

झारखंड के नक्सलियों ने 29 मई की रात से 1 दिन के बंद का ऐलान किया है। वो सीएनटी-एसपीटी एक्ट में संशोधन और आदिवासी जमीन के सरकारी अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं।

नक्सलियों ने चेतावनी दी है कि बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर किसी भी दूसरे वाहन को चलने नहीं दिया जाएगा। बंद के चलते नक्सल-प्रभावित इलाकों में सुरक्षा कड़ी की गई है।

झारखंड सरकार ने पिछले साल नवंबर में संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम-1949 (एसपीटी एक्ट) और छोटा नागपुर काश्तकारी अधिनियम-1908 (सीएनटी एक्ट) में संशोधन किया था। इन संशोधनों के जरिये कृषि भूमि के उपयोग को विनियमित किया गया है।