झारखंड में भारी बारिश से भारी नुकसान

रांची : झारखंड में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और सरकारी और निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। गढ़वा, चतरा, हजारीबाग,पलामू और गुमला जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बारिश के कारण मंगलवार को राज्य की राजधानी रांची की जीवनरेखा कहलाने वाला हेर्मू नदी पर बना एक पुल टूट गया। इसके कारण हेर्मू मार्ग पर यातायात जाम हो गया।
भारी बारिश के कारण गढवा जिले के खरौंदी, केतार और भावनाथपुरा खंडों में 1,000 से भी ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अन्य इलाकों से विभिन्न पुलों के भी टूटने की खबरें मिली हैं। बारिश के कारण गढवा और उत्तर प्रदेश से सटे इलाकों में करीब एक लाख लोगों के प्रभावित होने की खबरें मिली हैं। रामगढ जिले में स्थित राजरप्पा में बारिश के पानी में आठ दुकानें और कई नावें बह गईं।
दामोदर नदी में जलस्तर बढने के कारण मां छिन्नमस्तिका मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को चेतावनी जारी की गई है। विभिन्न जिलों में कोयला खदानों में भी बारिश का पानी भर गया है, जिसके कारण खनन का काम भी प्रभावित हुआ है। चतरा में सडकों सहित एक दर्जन छोटे पुल और पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई।