टीडीपी लीडर येरेन नायडू का सड़क हादसे में इंतेकाल

हैदराबाद, ०२ नवंबर: तेलुगु देशम पार्टी के सीनीयर लीडर और साबिक मर्कज़ी वज़ीर येरेन नायडू का एक सड़क हादसे में इंतेकाल हो गया है। वे 55 साल के थे। नायडू के साथ कार में सवार तेलुगु देशम के दो और लीडर भी जख्मी हो गए।

पुलिस के मुताबिक आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम के पास जुमा तड़के करीब 2 बजे उनकी कार एक तेल टैंकर से टकरा गई।

टक्‍कर के फ़ौरी बाद उनको अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। नायडू अपने पीछे बीवी किन्जारपु विजया कुमारी और एक बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं।

नायडू के इंतेकाल से गम का माहौल है। इनके इंतेकाल पर तेलुगु देशम के सदर चंद्रबाबू नायडू और दूसरे नेताओं ने गम का इज़हार किया है। उनके आखिरी रसूमात‌ उनके गांव निम्मादा में आज ( जुमा) शाम को अनजाम दी जाएंगी।

येरेन का जन्म 23 फरवरी 1957 को हुआ था। पेशे से वकील येरेन नायडू 1982 में सियासत मे कदम रखे। उन्होंने लगातार विधानसभा और लोकसभा के चार-चार इ‍ंतेखाब जीते थे। वे रियासत और मर्कज़ में वज़ीर भी रहे।

उन्हें चंद्र बाबू नायडू का बहुत ही करीबी माना जाता था।