असत्य पर सत्य की जीत, बुराई पर अच्छाई की जीत, अँधेरे पर रौशनी की जीत का त्यौहार माना जाने वाला दीपावली का रंग सर चढ़ के बोल रहा है| देश में ही नहीं बल्कि विदेश में हर जगह इस त्यौहार को हर्ष उल्लास के साथ मनाया जा रहा है| ऐसा ही कुछ नज़ारा अमरीका ओवल कार्यालय में देखने को मिला जहाँ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने निक्की हेली, सीमा वर्मा सहित प्रशासन के वरिष्ठ भारतीय अमेरिकी सदस्यों तथा समुदाय के नेताओं के साथ ओवल कार्यालय में दीपावली मनाई|
हेली संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की राजदूत हैं| सीमा वर्मा ‘सेंटर्स फॉर मेडीकेयर एंड मेडिकैड सर्विसेज’ की प्रशासक हैं| अजीत पई ‘यूएस फेडरल कम्युनिकेशन्स कमीशन’ के अध्यक्ष हैं| राज शाह मुख्य उप प्रेस सचिव हैं| दीपावली समारोह में ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप भी हिस्सा लेने से नहीं चूकी|
आपको बता दें की पिछले साल भी डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प ने दिवाली पर दीप जलाये थे पिछले साल इवांका दीपावली पर वर्जीनिया और फ्लोरिडा स्थित मंदिरों भी गई थीं| दीपावली समारोह के आयोजन की परंपरा व्हाइट हाउस में पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने शुरू की थी|
बुश के कार्यकाल के दौरान उनकी टीम दीपावली समारोहों का आयोजन अक्सर व्हाइट हाउस परिसर में ‘इंडिया ट्रीटी रूम’ में किया करती थी| हालाँकि बुश ने कभी व्हाइट हाउस में दीपावली समारोह में हिस्सा नहीं लिया| उनके उत्तराधिकारी बराक ओबामा ने अपने कार्यकाल के पहले साल में दीपावली के अवसर पर व्हाइट हाउस के ‘ईस्ट रूम’ में परंपरागत दीप प्रज्ज्वलित किया था| उसके बाद उन्होंने आगामी वर्षों में यह सिलसिला बरकरार रखा|
शरीफ़ उल्लाह