डॉ जाकिर नाइक के खिलाफ NIA दर्ज कर सकती है FIR

नई दिल्ली। इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है। टीवी के माध्यम से इस्लाम धर्म का प्रचार-प्रसार करने वाले नाइक को घेरने के लिए केंद्र सरकार प्लान बना रही है। नाइक पर एनआईए एफआईआर भी दर्ज कर सकती है। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि केबल टेलिविजन से पीस टीवी को अलग किया जाएगा और जाकिर नाइक के इस्लामिक फाउंडेशन को मिलने वाले विदेशी फंड की भी सरकार समीक्षा करने जा रही है।

डॉक्टर से इस्लामिक उपदेशक बने नाइक हमेशा से सुरक्षा बलों के रेडार पर रहे हैं। अतीत में दिए इनके बयान काफी विवादित रहे हैं। उन्होंने कहा था कि यदि ओसामा अमेरिका को आतंकित कर रहा है वह उसके साथ हैं। नाइक हाल ही में बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक कैफे में हुए आतंकी हमले के बाद फिर से विवादों में आए हैं। बांग्लादेश अथॉरिटी ने इस हमले का कनेक्शन नाइक से भी जोड़ा था। अथॉरिटी का कहना था कि नाइक की स्पीच से आतंकी प्रेरित थे।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि हमने नाइक की स्पीच को संज्ञान में लिया है और जांच का आदेश दिया है। नाइक की स्पीच की सीडी जांच के लिए मंगवाई गई है। गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि नैशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी जाकिर नाइक पर एफआईआर दर्ज करने की योजना तैयार कर रही है। राजनाथ सिंह इस मामले में एनआईए डायरेक्टर जनरल शरद कुमार से विचार-विमर्श कर रहे हैं।