तीन साल में कुछ अच्छा नहीं कर सका तो छोड़ दूंगा राजनीति- रजनीकांत

नई दिल्ली। दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत ने नई पॉलिटिकल पार्टी बनाने के साथ ही अपनी राजनीतिक पारी की समयसीमा भी तय कर ली है। उन्होंने कहा है कि अगर वह लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके तो तीन साल में ही राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

रजनीकांत ने 31 दिसंबर 2017 को नई पार्टी बनाने की घोषणा की और कहा कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के आगामी विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेगी।

रजनीकांत ने भगवद्गीता के श्लोक का उदाहरण दिया कि इंसान को कर्म करना चाहिए और फल की चिंता ईश्वर पर छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि उनकी पार्टी का मार्गदर्शक नारा होगा, ‘अच्छा करो, अच्छा बोलो और केवल अच्छा होगा’।

रजनीकांत के साथी कलाकार कमल हसन ने कहा था कि अगर रजनीकांत राजनीति में आते हैं तो वह उनके साथ मिलकर काम करना पसंद करेंगे। इसलिए आने वाले दिनों में कमल हसन भी रजनीकांत के साथ खड़े दिखाई दे सकते हैं।