तुर्की आतंकी हमले में फिल्म प्रोड्यूसर अबीस की मौत, सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर यह जानकारी साझा की

दिल्ली : नए साल के जश्न के दौरान तुर्की के इस्तांबुल में हमला किया गया। एक नाइटक्लब में हुए इस हमले में मारे गए 39 लोगों में दो भारतीय नागरिक भी बताए जा रहे हैं। हमले में करीब 70 लोग जख्मी हुए है। इन दो भारतीयों में से एक फिल्म प्रोड्यूसर अबीस रिजवी भी हैं।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर यह जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा, ‘मारे गए दो भारतीयों में से एक का नाम ‘अबीस रिजवी’ है, जो पूर्व राज्या सभा सांसद अख्तर हसन रिजवी के बेटे हैं।’ इस खबर के पता लगने के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री ने अबीस के लिए अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।

फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर ने अपने दोस्त के जाने का दुख जताया। एक्टर रजा मुराद ने शोक जताते हुए हमले की कड़ी निंदा की है। एक्टर जावेद जाफरी और फिल्ममेकर पूजा भट्ट ने भी इस दुखद घटना पर संवेदनाएं व्यक्त की है।

आपको बता दें कि अबीस रिजवी बॉलीवुड के प्रोड्यूसर थे। ‘सुंदरबन’ के जंगलों पर बनी उनकी फिल्म ‘रोर: टाइगर्स ऑफ द सुंदरबंस’ से वो चर्चा में आए। अबीस रिजवी करीब 3 दिन पहले अपने दोस्तों के साथ नया साल मनाने के लिए इस्तांबुल गए थे। घटना की खबर मिलने के बाद अबीस का पार्थिव शरीर को लेने के लिए उसके पिता इस्तांबुल गए हैं।