तृणमूल कांग्रेस ने बोला भाजपा पर हमला, कहा बंगाल की राजनीति में मुकुल रॉय है ग़द्दार

तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा नेता मुकुल रॉय पर हमला करते हुए उन्हें बंगाल की राजनीति में ‘‘गद्दार’’ बताया और कहा कि भगवा दल में शामिल हुए लोगों ने धर्मनिरपेक्ष विचारधारा से समझौता किया तथा राज्य के लोगों को धोखा दिया।

तृणमूल कांग्रेस में दूसरे शीर्ष नेता रहे रॉय हाल में भाजपा में शामिल हुए।

तृणमूल कांग्रेस की युवा इकाई ने नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए आज दिन में यहां एक रैली आयोजित की थी। कार्यक्रम का आयोजन उसी जगह पर किया गया जहां रॉय ने गत 10 नवंबर को एक रैली की थी और तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा था। आज की रैली रॉय और उनके ‘‘राजनीतिक अवसरवाद’’ की आलोचना का मंच बन गयी।

पार्टी के विधायक अर्जुन सिंह ने रैली में कहा, ‘‘मुकुल रॉय एक गद्दार हैं जिसने ना केवल राज्य को बल्कि पार्टी को भी धोखा दिया। वह कह रहे हैं कि राज्य के सभी 77,000 बूथों में उनके लोग हैं। मैं उन्हें नगर निगम का चुनाव लड़ने की चुनौती देता हूं, मैं आप सब को आश्वस्त कर सकता हूं वह उसमें भी हार जाएंगे।’’ पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य के लोगों को सारी सच्चाई पता है और वह खुद के राजनीतिक हित के लिए पाला बदलने वाले ‘‘राजनीतिक अवसरवादी’’ को आसानी से पहचान सकते हैं।

राज्य के शहरी विकास मंत्री फरहाद हकीम ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के आदर्शों को परास्त करने के लिए भाजपा में शामिल हुए लोगों ने धर्मनिरपेक्ष विचारधारा से समझौता किया है, राज्य के लोगों को धोखा दिया है।