दक्षिण सूडान की राजधानी जूबा में हुई हिंसक झड़पों में दर्जनों लोग मारे गए हैं। सैन्य और चिकित्सीय सूत्रों और स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ शुक्रवार शाम हुई गोलीबारी में कई लोग मारे गए हैं।
राष्ट्रपति सलवाकीर और उनके प्रतिद्वंदी रहे उप राष्ट्रपति रीक मख़ार के बीच मुलाक़ात के दौरान राष्ट्रपति भवन के आसपास गोलीबारी हुई है।
कितने लोग मारे गए हैं ये अभी स्पष्ट नहीं है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक़ कम से कम सौ लोग मारे गए हैं जबकि कुछ के मुताबिक़ ये संख्या 150 तक हो सकती है।
20 महीने से जारी गृहयुद्ध को रोकने के लिए 2015 में हुआ शांति समझौता हिंसा रोकने के लिए नाकाफ़ी साबित हुआ है। हिंसा के बाद से राजधानी जूबा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
दक्षिण सूडान दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और यह सूडान से आज़ादी की पांचवी वर्षगांठ मना रहा है। शुक्रवार की हिंसा सलवाकीर और रीक मख़ार के सुरक्षाकर्मियों की बीच हुई गोलीबारी से शुरू हुई। दोनों नेताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में मुलाक़ात की।
आधे घंटे की इस गोलीबारी के बाद शहर के कई इलाक़ों में हिंसा और बमबारी शुरू हो गई।