दक्षिण अफ्रीका: मोदी के स्वागत समारोह में 10 हजार लोग हिस्सा लेंगे

करीब 10,000 लोग, ग्रैमी पुरस्कार विजेता दक्षिण अफ्रीकी बांसुरी वादक वुटर केलरमैन, जुलू और भारतीय नृत्य का अनोखा संगम एवं उसके साथ योग क्रियाएं अगले हफ्ते दक्षिण अफ्रीकी की यात्रा पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

यहां आठ जुलाई को मोदी के स्वागत समारोह के वास्ते रंगारंग कार्यक्रम का समन्वय संभाल रहे अंतरराष्ट्रीय ख्यात प्राप्त दक्षिण अफ्रीकी भारतीय कोरियोग्राफर जयेस पेरी मूपेन ने कहा, ‘दक्षिण अफ्रीका और भारत सांस्कृतिक संबंधों, बंधुत्व की भावना एवं अपने साझा इतिहास से एक दूसरे से जुड़े हुए हैं।’

मूपेन ने कहा, ‘इस साझे इतिहास और विरासत ने भारतीय दक्षिण अफ्रीकियों के 156 सालों के इतिहास में अनोखे नृत्य रूपों को जन्म दिया है जहां भरत नाट्यम और कथक की मुद्राओं का अफ्रीका के नृत्य के पारंपरिक ताल के साथ संलयन हुआ है और इन दोनों समृद्ध धरोहरों के बीच गहरा तालमेल कायम हुआ है।’

दक्षिण अफ्रीकी मोदी स्वागत समिति के अध्यक्ष रमन धवन ने कहा, ‘यह यात्रा दक्षिण अफ्रीका, अफ्रीकी महाद्वीप और भारत के लिए बिल्कुल समयोचित है क्योंकि पहली बार कोई भारतीय राष्ट्रीय प्रमुख दक्षिण अफ्रीका की जमीन पर इतनी बड़ी सभा को संबोधित करेंगे।’ इस समिति में कई सामुदायिक संगठन एवं स्वयंसेवक हैं।