नई दिल्ली : दिल्ली के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम में मंगल को तड़के आग लग गई। मंडी हाउस में यह म्यूजियम फिक्की बिल्डिंग में है जहां तड़के दो बजे के करीब आग लगी। आग ने म्यूजियम के अलावा फिक्की ऑडिटोरियम को भी अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर 35 फायर टेंडर पहुंचे और सुबह 7 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में आग पर काबू पाते वक्त 6 फायर टेंडर सर्विसमैन जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों की हालत नाजुक है। जब आग की जानकारी मिली तो उस वक्त बिल्डिंग में बहुत ज्यादा लोग नहीं थे जिसके कारण बड़ा हादसा होते-होते बच गया। म्यूजियम पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका है। 1978 से इस इमारत में म्यूजियम चल रहा था। इसमें नेचुरल हिस्ट्री से जुड़ी जानकारियां रखी गई थीं।
एन्वायारन्मेंट मिनिस्ट्री ने दिया जांच का हुक्म
एन्वायारन्मेंट मिनिस्टर प्रकाश जावडेकर ने आग की घटना को अफसोसजनक बताया है। उन्होंने कहा, ”आगे इस तरह की घटना को रोकने की कोशिश होगी। हमने जांच के आदेश दे दिए हैं।” ”साथ ही, मुल्क में इस तरह के 34 म्यूजियम हैं जो मिनिस्ट्री के तहत आते हैं। उनकी सेफ्टी को रीचेक किया जाएगा।” ”दस्तावेज अहम होते हैं, एक बार इनका नुकसान हो जाए तो फिर से जमा करना मुश्किल होता है। इन्हें रि-स्टोर करने की कोशिश की जाएगी। एक-दो दिन में कितना नुकसान हुआ है इसका पता चल जाएगा।”
नेशनल म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री (NMNH) में एग्जीबिशन के लिए तीन गैलरियां हैं। जिन्हें इस हादसे में भारी नुकसान हुआ है। NMNH में इंट्रोडक्शन ऑफ नेचुरल हिस्ट्री, नेचर्स नेटवर्कः इकोलॉजी और कन्जर्वेशन जैसी तीन परमानेंट गैलरियां हैं।