दिल्ली में कांग्रेस का जनाक्रोश रैली, कहा- ‘एससी-एसटी कानून को खत्म करने का हो रहा है षड्यंत्र’

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दिल्ली के रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को संबोधित करने वाले हैं। जिस मंच से राहुल गांधी और सोनिया गांधी का भाषण होगा, वहां तमाम मुद्दों जैसे एससी-एसटी कानून को खत्म करने का हो रहा है षड्यंत्र, बीजेपी शाषित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ सबसे ज्यादा हिंसा, बैंकों में हो रहे घोटाले का ज़िक्र किया गया है।

रामलीला मैदान में हो रही राहुल गांधी की रैली भी मोदी की रैली की तरह हाईटेक हो गई है। बड़े-बड़े स्क्रीन लगाए गए हैं। साथ जो टेंट लगाया गया है, वह भी भव्य है जो अमूमन मोदी की रैली में 2014 लोकसभा चुनाव से पहले लगाए जाते थे।

कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद राहुल की दिल्ली में ये पहली रैली होगी। कांग्रेस अध्यक्ष देश में कुशासन, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, दलितों पर हो रहा अत्याचार, न्यायपालिका पर हमलों और सामाजिक अशांति जैसे मुद्दों को उठाएंगे।

रैली को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी संबोधित कर सकते हैं। राष्ट्रीय स्तर की ‘जन आक्रोश रैली’ महत्वपूर्ण कर्नाटक चुनाव से पहले हो रही है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव 12 मई को होना है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन का दावा है कि रैली में डेढ़ से दो लाख लोग शामिल होंगे।