नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह घने बादल छाने से मौसम विभाग के एक अधिकारी ने अपने पूर्वानुमान में दिन उमस भरा रहने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की बात कही है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान शनिवार रात 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था जो इस मौसम का औसत तापमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार रात राष्ट्रीय राजधानी में 4.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा, “दिल्ली में सामान्य तौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।”
अधिकारी ने कहा कि दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आद्र्रता का स्तर 80 से 90 प्रतिशत तक रहेगा।