दिल्ली में पकड़े गए 27 लाख के नए नोट

नई दिल्ली: एबीपी न्यूज़ की खबर के मुताबिक दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने नयी करेंसी में 27 लाख रूपये बरामद किये हैं।

खबर के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाहर से एक गाड़ी में रखी हुयी 27 लाख रूपये की नकदी पकड़ी। हैरानी की बात यह है कि यह नकदी नए 2000 रूपये के नोटों में है।

यह नकदी दिल्ली के एक बड़े उद्योगपति के लिए मुंबई से बदल कर लायी गयी थी। क्राइम ब्रांच ने यह नकदी लाने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक पीतमपुरा के रहने वाले आरोपी अजीत पाल सिंह और राजेन्द्र सिंह मुंबई से करेंसी बदल कर ला रहे थे। पुलिस ने ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर रेलवे स्टेशन से निकलते ही दोनों को पकड़ लिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह पैसा दिल्ली के एक बड़े उद्योगपति संजय मालिक का है। अजीत पाल सिंह संजय मालिक का पड़ोसी है।

सूत्रों के मुताबिक संजय मालिक एक बड़ा कारोबारी है और उसकी हिमाचल में दवा फैक्ट्री है। पुलिस ने दावा किया है कि वह अपने पैसों के अलावा अपने करीबियों के पैसे बदलवाने का भी काम कर रहा है। वह अब तक लगभग डेढ़ करोड़ रूपये मुंबई से मंगा चुका है।

फ़िलहाल पुलिस फरार संजय मालिक को पकड़ने की कोशिश कर रही है। इसके साथ साथ क्राइम ब्रांच और आयकर विभाग करेंसी बदलने वाले इस रेकेट के पर्दाफाश के लिए दिल्ली और मुंबई दोनों जगह छानबीन कर रही है।