दिल्ली में सैन्य अफसर की पत्नी की हत्या के आरोप में मेजर गिरफ्तार

सैन्य अफसर की पत्नी शैलजा की हत्या के आरोप में दिल्ली पुलिस ने रविवार को मेजर निखिल हांडा को मेरठ के दारौला से गिरफ्तार किया। वह नगालैंड के दीमापुर में तैनात है। शनिवार को वह होंडा सिटी कार से महिला से मिलने दिल्ली कैंट आया था। इसके बाद दोपहर करीब 1.30 बजे कैंट मेट्रो स्टेशन के पास शैलजा (35) का शव मिला। उसकी गला रेतकर हत्या की गई। इसे हादसा दिखाने के लिए आरोपी ने शव को कई बार कार से कुचला। सीसीटीवी फुटेज और महिला के मोबाइल से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी मेजर तक पहुंची।

डीसीपी विजय कुमार के मुताबिक, शैलजा मेजर अमित द्विवेदी की पत्नी थी। घटना के करीब 4 घंटे बाद मेजर अमित पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करवाने के लिए थाने पहुंचे। तब उन्हें हत्या का पता चला। उन्होंने पुलिस को बताया कि शैलजा सुबह 10 बजे फिजियोथैरेपी के लिए आर्मी बेस अस्पताल गई थी। ड्राइवर ने उनकी सरकारी गाड़ी में शैलजा को छोड़ा था। जब वो वापस लेने गया तो शैलजा अस्पताल में नहीं मिली, पता चला कि वह फिजियोथैरेपी के लिए भी नहीं पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, मेजर हांडा और शैलजा की मुलाकात दीमापुर में करीब 2 साल पहले हुई थी। तब शैलजा के पति मेजर अमित भी वहां तैनात थे, लेकिन 2 महीने पहले उनका ट्रांसफर दिल्ली हो गया। उनका 6 साल का बेटा है।