दिल्ली: 16 साल के बेटे को माँ ने घर से निकाला

नई दिल्ली: नई दिल्ली के लोदी कॉलोनी में सोलह साल का एक लड़का बेघर होकर भटक रहा है क्योकि उसकी मां ने उसे छोड़ दिया है।

उसकी मां सरकारी कर्मचारी है और उसके ‘‘गलत व्यवहार’’ से तंग आकर उसने उसे छोड़ दिया।

लड़के ने आरोप लगाया है कि उससे घर पर अच्छा बर्ताव नहीं किया जा रहा था और कुछ महीने पहले ही उसकी मां ने उसे घर से निकाल दिया था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक लड़का अप्रैल से अपने एक दोस्त के यहां रह रहा था लेकिन दोस्त के असमर्थता जाहिर करने के बाद वह पार्क में रहने और भीख मांगने को मजबूर हो गया था।

लड़के की मां वित्त मंत्रालय में कर्मचारी है। वह आपसी सहमति से अपने पति से अलग हो गई थी और बेटे की अपने पास रखा था। बाद में महिला ने दूसरी शादी कर ली, जिससे उसकी दो बेटियां हैं। दूसरे पति की मौत 2012 में हो गई।

लड़के की मां का कहना है कि उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया है।

मां ने बताया कि उसने हर तरह से लड़के को सही रास्ते पर लाने की कोशिश की लेकिन वह रास्ते पर नहीं आया।

मां का कहना है कि वह काफी तेज लड़का था लेकिन उसने अपना दिमाग खराब चीजों में लगाना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि लड़के को बाल कल्याण समिति द्वारा बाल गृह में रखा गया है और बच्चे की मां के खिलाफ शिकायत दर्ज की गयी है।

(भाषा)