दुसरे चरण के लिए अखिलेश का चुनावी अभियान 30 जनवरी से

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव यूपी चुनाव का अपना दूसरा अभियान 30 जनवरी से शुरु करेंगे। दूसरे पड़ाव में अखिलेश एटा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर और लखीमपुर खीरी में दो जनसभाओं को संबोधित किया था, इन जनसभाओं में उन्होंने लोगों से कांग्रेस और सपा को वोट करने की अपील करते हुए कहा था कि अब साइकिल को हाथ का साथ मिल गया है, अब साइकिल और तेज दौड़ेगी।

कांग्रेस के साथ गठबंधन के बाद अखिलेश यादव ने 24 जनवरी को सुल्तानपुर में पहली जनसभा को संबोधित किया था। इसके बाद 30 जनवरी को अखिलेश यादव एटा में जनसभा को संबोधित करेंगे तो 31 जनवरी को वह कासगंज में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा अखिलेश यादव 31 जनवरी को ताजनगरी आगरा में भी जनसभा करेंगे। आगरा के तारघर में अखिलेश यादव की यह रैली होगी। आपको बता दें कि यूपी में पहले चरण का चुनाव 11 फरवरी को होगा, जबकि पहले चरण का चुनाव पश्चिमी यूपी में ही होगा।

यूपी में कुल सात चरणों में चुनाव होना है, लेकिन अखिलेश यादव ने अपना चुनावी अभियान पूर्वी यूपी से शुरु किया, माना जा रहा है कि इसके पीछे अखिलेश यादव का ज्योतिष में विश्वास है। दरअसल अखिलेश यादव ने 2012 में भी अपना चुनावी अभियान यहीं से शुरु किया था और उन्हें उस चुनाव में जीत हासिल हुई थी, इसी को ध्यान में रखते हुए अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर से अपना चुनावी अभियान शुरु किया था।