देश को ना टूटने देंगे, ना ही बंटने दें- राजनाथ सिंह

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमें आजादी बलिदान से मिली है उपहार में नहीं। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम भी मेरठ से हुआ और कार्यसमिति की बैठक भी इसी शहर में हो रही है। भाजपा राजनीति सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रनिर्माण और समृद्धशाली देश बनाने के लिए कर रही है। चार साल में जैसे सरकार चली है भारत का मस्तक पूरी दुनिया में ऊंचा हो गया है। यही बात कांग्रेस समेत कुछ दलों को नहीं पच रही।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने संसद में ही चिपको अभियान चला दिया। संसद की गरिमा और मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। जो संसद की गरिमा नहीं जानता वह पीएम बनने का सपना देख रहा है।

 

उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद से ज्यादा समर्थन मिला। लोग हमें दिल से चाहते हैं। दुनिया से भारत में निवेशक आ रहे हैं। सारी दुनिया भारत को मान्यता दे रही है और ये लोग समाज को जाति एवं पंथ में बांट रहे हैं, लेकिन हम देश और समाज को ना तो बंटने देंगे और ना ही टूटने देंगे। हमारी सरकार गरीबों को समर्पित है।

उन्होंने कहा कि सड़क पर झाडू लगाकर पीएम ने बता दिया कि कोई भी काम छोटा या बड़ा नहीं होता। बावजूद इसके कुछ लोग अनर्गल आरोप लगाते हैं। भाजपा परिवार आधारित रजानीति नहीं करती। हम देश बनाने को राजनीति करते हैं।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा पंडित दीनदयाल के एकात्म मानववाद की अवधारणा पर चलती है। 2022 तक हर गरीब को छत मिल जाएगी। राजनाथ सिंह ने योगी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपराधियों के दिल में दहशत पैदा कर दी है। अब कोई भी अपराधी अपराध करने से पहले चार बार सोचेगा।

उन्होंने कहा कि पीएम की नीयत पर कोई सवाल खड़ा नहीं कर सकता। यही सरकार की बड़ी उपलब्धि है। सरकार जनता तक जाना चाहती है। विकास की पहली शर्त सुरक्षा है। देश में कितने विदेशी रहते हैं क्या ये पता नहीं होना चाहिए। हमारी सरकार एनआरसी पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशन में काम कर रही है। नक्सलवाद चार जिलों में सिमट गया। कश्मीर में पहले जितने लड़के आतंकवादी बनते थे अब उतने नहीं बन रहे। हमने सेना के हाथ नहीं बांधे। राजनाथ ने कहा कि इस बार पार्टी का लक्ष्य 350 का है।