देश में बेटियां नहीं है सुरक्षित, उनके अपराधियों को मिल रहा है संरक्षण- सोनिया गांधी

दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ‘जन आक्रोश’ रैली में शामिल हजारों कार्यकर्त्ताओं का जोश भीषण गर्मी के बावजूद कम नहीं हुआ। वे ‘राहुल गांधी जिन्दाबाद’और ‘मोदी सरकार हाय हाय’ के नारे लगाते रहे। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि इस समय देश में बेटियां सुरक्षित नहीं और उनके अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि तेल के दामों में हो रही बढ़ौतरी से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। सोनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे न खाऊंगा, न खाने दूंगा का क्या हुआ।

मालूम हो कि कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद राहुल गांधी रविवार 29 अप्रैल को दिल्ली में पहली जन रैली कर रहे हैं। इस रैली को जनाक्रोश रैली का नाम दिया गया है। रैली में मोदी सरकार के दुशासन के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश पर जोर दिया जाएगा। इस रैली में भारी भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी है।

जनाक्रोश रैली के साथ ही कांग्रेस अगले लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार का बिगुल भी फूंक दी है। हालांकि लोकसभा चुनाव होने में अभी करीब साल भर का समय है, लेकिन कुछ कांग्रेस नेताओं को लगता है कि मोदी सरकार इस साल के आखिर में होने वाले कुछ राज्यों को विधानसभा चुनावों के साथ आम चुनावों का ऐलान कर सकती है।