धनबाद सबसे गंदा शहर, रांची 12वें नंबर पर

नयी दिल्ली/रांची: स्वच्छ भारत मिशन की शुरूआत के बाद हुए पहले सर्वे के नतीजे बिहार, झारखंड व प बंगाल के लिए मायूसकुन रहे। मैसूर को सबसे साफ़ शहर माना गया है, जबकि धनबाद सबसे गंदा शहर है। रांची, जमशेदपुर, पटना व आसनसोल भी 12 सबसे गंदे शहरों में शुमार किये गये हैं।

मैसूर के बाद चंडीगढ़ का मुकाम आता है, जबकि बिहार की दारुल हुकूमत पटना, झारखंड का रांची व धनबाद और वज़ीरे आज़म नरेंद्र मोदी का पर्लियामानी हल्का वाराणसी मुल्क के 12 गंदे शहरों में है। ‘स्वच्छ भारत’ मिशन के 2016 के सर्वे में यह उजागर हुआ है। 73 शहरों के सर्वे के नतीजे को शहरी विकास वजीर वेंकैया नायडू ने पीर को जारी किया। इनमें से 51 शहर 10 लाख से ज्यादा आबादीवाले हैं।

यह सर्वे क्वालिटी काउन्सिल ऑफ इंडिया ने किया है। जहां मैसूर को लिस्ट में आला मुक़ाम दिया गया है, वहीं चंडीगढ़ को दूसरा, तिरचिरापल्ली को तीसरा और कौमी दारुल हुकूमत के एनडीएमसी हल्के को चौथा मुकाम मिला है। झारखंड में धनबाद सबसे निचले पायदान पर है। महलों के शहर को पिछले साल 476 शहरों की लिस्ट में पहले मुकाम पर पाया गया था।