नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में महागठबंधन का साथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थामने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अवसरवादी करार देते हुए कहा कि उन्होंने महागठबंधन के साथ धोखा किया है।
गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि तीन-चार महीने पहले से हमें पता था कि ऐसी योजना चल रही है। अपने स्वार्थ के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है। कुमार ने महागठबंधन के साथा धोखा किया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए व्यक्ति कुछ भी कर जाता है, कोई नियम , कोई विश्वसनीयता नहीं है। नीतीश जी को सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ाई के लिए जनमत मिला था, लेकिन अब उन्होंने अपने व्यक्तिगत राजनीतिक हित में उन्हीं से हाथ मिला लिया है।