नेताओं के हाथ मिलाने से सरकार नहीं बनती: अमित शाह

सहारनपुर: समाजवादी पार्टी के रजत जयंती समारोह के बहाने जनता परिवार के दिग्गजों को एक मंच पर एकत्र करने पर तंज कसते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि नेताओं के हाथ मिलाने से सरकार नहीं बनती है।

शाह ने सहारनपुर में भाजपा की परिवर्तन रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कहा, ‘‘नेताओं के हाथ मिलाने से सरकार नहीं बनती है बल्कि जनता के हाथ मिलाने से सरकार बनती है।’’ भाजपा पूरे प्रदेश में चार परिवर्तन यात्राएं निकाल रही है। पहली यात्रा आज यहां से शुरू हुई है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता से अपील की कि वह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक मौका दें। ‘‘हम उत्तर प्रदेश को देश का नंबर एक राज्य बना देंगे।’’ सपा बसपा के प्रति हमलावर तेवर अपनाते हुए शाह ने कहा कि दोनों ही पार्टियां प्रदेश का विकास नहीं कर सकतीं। एक ओर भतीजा :अखिलेश यादव: चाचा :शिवपाल यादव: को गाली दे रहा है तो बुआ :मायावती: दोनों को गाली दे रही है। कानून व्यवस्था ठीक करने का दावा करने वाली मायावती के मुख्यमंत्री रहते हुए दलित उत्पीड़न और अपराध की घटनाएं सबसे अधिक हुई थीं।

शाह ने कानून व्यवस्था की खराब स्थिति और अपराधियों को संरक्षण के मुद्दे पर सपा को, जबकि घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मायावती को घेरा।

मथुरा के जवाहरबाग काण्ड सहित कई आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए शाह ने सपा सरकार पर आरोप लगाया कि इसने उत्तर प्रदेश का नाम खराब किया। जवाहरबाग से दो साल तक कब्जा क्यों नहीं हटा। जमीन पर सपा के लोगों ने कब्जा किया। इसके लिए सपा सरकार जिम्मेदार है।

(भाषा)