नई दिल्ली, 28 मई: स्पॉट फिक्सिंग मामले में दिल्ली पुलिस ने ग्रेटर नोएडा से एक और हैदराबाद से दो बुकीज को गिरफ्तार किया है। ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार बुकी क्रिकेटर अजीत चंदीला के राबिते में था।
पुलिस को चंदीला से पूछताछ में पता चला था कि उसका दोस्त फरीदाबाद साकिन भूपेंद्र बुकी है। भूपेंद्र जुनूबी दिल्ली के एक होटल में सिक्योरिटी इंचार्ज का काम करता है।
पीर के दिन उसे ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा हैदराबाद से दुरै अहमद और सुनील सक्सेना को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों बुकी अश्विनी अग्रवाल के लिए काम करते हैं।
गोवा में भी दिल्ली पुलिस की निशानदेही पर छह बुकीज दबोचे गए। अश्विनी अग्रवाल ने इन बुकीज के नामों का खुलासा किया था।
चेन्नई और मुंबई में हुए मैचों में सट्टा लगाने के इल्ज़ाम में छह और लोग भी गिरफ्तार किए गए हैं। एजेंसी के मुताबिक, मुंबई से पकड़े गए दो बुकीज पाकिस्तान में बैठे फिक्सरों से बात करते थे।
इतवार की देर रात पुलिस ने दिल्ली डेयरडेविल्स के एक खिलाड़ी के घर पर दबिश दी। लेकिन भनक लगते ही यह खिलाड़ी घर पर ताला लगाकर भाग गया।
बशुक्रिया: अमर उजाला