नोटबंदी के बाद पीएम बाबा रामदेव जैसे होम मेड अर्थशास्त्री के पीछे छिप रहे हैं: राहुल गाँधी

नई दिल्ली। मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले के खिलाफ कांग्रेस आज जन वेदना सम्मेलन कर रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में हो रही सम्मेलन में देश भर से लगभग 5000 पार्टी नेता और कार्यकर्ता तालकटोरा स्टेडियम पहुंचे। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक और पार्टी के स्थापना दिवस के बाद यह तीसरा बड़ा मौका होगा जब राहुल गांधी कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद पीएम बाबा रामदेव जैसे होम मेड अर्थशास्त्री के पीछे छिप रहे हैं.

Facebook पे हमारे पेज को लाइक करने के लिए क्लिक करिये

अपने भाषण में राहुल ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। राहुल ने स्वच्छ भारत अभियान से लेकर नोटबंदी तक, हर मुद्दे पर मोदी को घेरा। राहुल ने कहा कि नोटबंदी पीएम का निजी फैसला था। प्रधानमंत्री ने आरबीआई का मजाक उड़ाया है। आरबीआई गवर्नर की सलाह को नजरअंदाज कर दिया गया। हमने नोटबंदी पर जनता की आवाज उठाई है। नोटबंदी की किसी भी अर्थशास्त्री ने सराहना नहीं की है। नोटबंदी के बाद पीएम बाबा रामदेव जैसे होम मेड अर्थशास्त्री के पीछे छिप रहे हैं। भाजपा ने संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। हमें 70 साल का हिसाब देने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने देश के लिए कुर्बानी दी है।

राहुल ने हमला जारी रखते हुए कहा कि पीएम 4 दिन में सफाई अभियान भूल गए। भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ उन्होंने तोड़ दिया है। नोटबंदी एक बहाना है, मोदी जी को पता लग रहा है कि योग, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया के पीछे नहीं छुप पाएंगे। दो ढाई साल पहले पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत की बात कही, यह ड्रामा कुछ दिन चला, फिर मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया आया। भाजपा और हम में अंतर नजर आ जाता है, मोदी जी ने झाड़ू गलत पकड़ा था। कुछ दिन इंडिया गेट पर योग किया।

राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री मेक इन इंडिया कार्यक्रम चलाते हैं और आज ऑटोमोबाइल सेक्टर 60% नीचे चला गया है। हमने 70 साल में आरबीआई की, न्यायपालिका का सम्मान किया। प्रेस का सम्मान किया। आप बिना किसी से पूछे बिना किसी को बताए जेब का पैसा कागज बना दिया। अब देश सिर्फ नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत चलाएंगे। हम देश के संस्थानों को बचाकर रखेंगे। हम मोदी जी की सोच का विरोध करते हैं और हम उन्हें हराकर रहेंगे।