न्यूजीलैंड की दो मस्जिदों में फायरिंग: मरने वालों की संख्या 30 हुई, अभी भी बढ़ने की उम्मीद!

प्रधानमंत्री जैसिंडा ने न्यूजीलैंड इतिहास का सबसे काला दिन बताया।
न्यूजीलैंड के शहर क्राइस्टचर्च में स्थित दो मस्जिद में बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं हैं।

जिसमें 30 लोगों के मारे जाने की आशंका है। हालांकि अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील की है। क्योंकि शहर में हमलावर अब भी सक्रिय हैं। घटना को तब अंजाम दिया गया जब लोग नमाज पढ़ रहे थे।

न्यूजीलैंड के पुलिस अधिकारी माइक बुश ने शूटिंग को लेकर कहा, ‘एक महिला और तीन पुरुषों को हिरासत में लिया गया है। हम अभी भी इसके आसपास की परिस्थितियों को देख रहे हैं।

यह नहीं सोचना चाहिए कि खतरा टल गया है।’ पुलिस का कहना है कि उन्होंने गोलीबारी के बाद मस्जिद के बाहर मौजूद वाहनों पर लगे विस्फोटकों को डिफ्यूज कर दिया है।

पुलिस ने लोगों से कहा है कि वह आज रात को मस्जिद न जाएं। प्रधानमंत्री जेसिंडा का घटना को लेकर बयान आया है। उन्होंने कहा, ‘यह न्यूजीलैंड के एक काले दिनों में से एक है।

यह एक कायरतापूर्ण हरकत है। पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है लेकिन मुझे उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।’ जिस समय यह घटना हुई उस समय बांग्लादेश की क्रिकेट टीम भी वहीं पर मौजूद थी।

मस्जिद में सक्रिय बंदूकधारी की जानकारी मिलते ही सभी खिलाड़ी बाकी लोगों के साथ मस्जिद से सकुशल बाहर निकल आए। सभी को पास के पार्क के साथ वाले रास्ते से वापस ओवल मैदान की तरफ लाया गया। इस घटना को लेकर खेल पत्रकार मोहम्मद इस्लाम ने ट्वीट किया है।