नक़वी ने केजरीवाल को कहा ‘खुजलीवाल’

लखनऊ(गौरव जायसवाल): केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में सन् 1975-1977 के आपातकाल के दौरान सेनानीयों का सम्मान किया। जिसमें बड़ी संख्या में आपातकाल के दौरान लड़े सेनानीयों ने हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भारत से कांग्रेस मुक्त भारत का संकल्प लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। नकवी ने कहा कि मोदी जी की वजह से आज भारत का नाम देश विदेश तक फैल रहा है। इस दौरान नकवी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विवादित बयान दिया।

मुख्तार अब्बास नकवी ने बात करते-करते दिल्ली के सीएम केजरीवाल को ‘खुजलीवाल’ बोल दिया और कहा कि जब तक अरविन्द केजरीवाल सब पार्टी को भ्रष्टाचारी न बोल दें उन्हें सुकून नहीं मिलता। केजरीवाल को काम नहीं करना है सिर्फ हंगामा करके राजनीति करना है। उन्हें आप कुछ भी कह लीजिए दूसरे दिन वह एक बखेड़ा जरूर खड़ा कर देते हैं। ‘आप’ पार्टी अब बखेड़ा पार्टी बन चुकी है।

कार्यक्रम तो था आपातकाल के दौरान लड़े सेनानीयों का सम्मान करना लेकिन केंद्रीय मंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफों से पुल बांधने लग गए। नकवी ने कहा कि एक समय था जब महात्मा गांधी के कहने पर लोगों ने विदेशी कपड़ों को जला दिया था और एक समय अब है जब प्रधानमंत्री के कहने पर लोगों ने गैस पर मिलने वाली सब्सिडी छोड़ दी है।

कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र पर सबसे बड़ा बदनुमा धब्बा है। जो देश के प्रजातंत्र के इतिहास का सबसे काला दिन है। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र को कुचल दिया गया था। देश के नागरिकों के साथ बड़ा अत्याचार किया गया था। धीरे धीरे देश से कांग्रेस का पतन होता जा रहा है।

समाजवादी पार्टी में पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के विदाई का बैंड बाजा बज चुका है अब उनकी सरकार जा रही है। पिछले करीब 5 साल में जिस सरकार में आराजकता, गुंडों का राज रहा हो वह जाते-जाते मुख्तार अंसारी जैसों को पार्टी में शामिल न करने से उनके ऊपर लगा नाकामियों का दाग धुलेगा नहीं। साथ ही कहा कि सपा सरकार को तय करना है कि बिदाई के वक्त किसे साथ लेकर चलता है।