पंजाब: आरएसएस नेता जगदीश गगनेजा की मौत की जिम्मेदारी दशमेश रेजिमेंट ने ली

जालंधर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की पंजाब इकाई के उप प्रमुख अवकाश प्राप्त ब्रिगेडियर जगदीश गगनेजा की हत्या की जिम्मेदारी दशमेश रजिमेंट नामक संगठन ने ली है। गगनेजा को सिख तथा सिख पंथ का विरोधी करार देते हुए संगठन ने कहा है कि यही कारण है कि संघ नेता को मौत की सजा दी गई है। दशमेश रेजिमेंट के राजिंदर सिंह जिंदा नामक व्यक्ति ने पीटीआई सहित सभी प्रमुख मीडिया हाउस में मेल भेज कर यह जिम्मेदारी ली है। इसमें जिंदा ने यह भी कहा है कि लुधियाना के शिव सेना नेता दुर्गा प्रसाद गुप्त तथा संघ की शाखा पर हुए हमले की जिम्मेदारी भी यह संगठन लेता है।

जिंदा ने पंजाबी भाषा में भेजे मेल में कहा है, ‘गगनेजा सिख और सिख पंथ विरोधी था। उसने प्रदेश के गांव गांव तक संघ की शाखाओं का विस्तार कर दिया था और वह सिख तथा पंथ दोनों को हिंदू धर्म का हिस्सा बनाने की कोशिश कर रहा था।

इसलिए संगठन ने गगनेजा को मारा है।’ संगठन ने यह भी कहा है, गगनेजा के अलावा लुधियाना के शिवसेना नेता दुर्गा प्रसाद गुप्त ने भी ऐसा ही किया था और यही कारण है कि उन्हें भी मारने का बीडा संगठन ने उठाया था, हालांकि वह बच गये। लुधियाना में संघ की शाखा पर भी संगठन ने ही हमला किया था।