चंडीगढ़। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने एक इंजीनियर को गिरफ्तार किया है इसकी तन्ख्वाह तो पचास से 60 हजार रूपए महीना है लेकिन यह करीब 12 सौ करोड़ रूपए की संपत्ति का मालिक है। आम आदमी जिंदगी भर में ईमानदारी से एक करोड़ की संपत्ति नहीं जुटा पाता लेकिन यह इंजीनियर पन्द्रह साल में 12 सौ करोड़ का मलिक हो गया।
इस इंजीनियर का नाम है सुरिंदर पाल सिंह। सुरिंदर पंजाब के ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी में चीफ इंजीनियर था। अकाली दल की सरकार इस इंजीनियर पर इतनी मेहरबान थी कि उसे एक साथ कई महकमों की जिम्मेदारी दे दी।
पोस्ट मलाईदार थी इसलिए सुरिंदर सिंह ने इसका पूरा फायदा उठाया। लेकिन सरकार बदलने के बाद सुरिन्दर सिंह के दिन भी बदल गए। जांच हुई और अब पुलिस के शिकंजे में है। विजिलेंस ब्यूरो सुरिन्दर सिंह की संपत्तियों की जांच कर रही है।
विजिलेंस ब्यूरो ने शुरूआती जांच में ही सुरिन्दर सिंह की 92 प्रॉपर्टी का पता लगाया है। कई बड़े शहरों में इस इंजीनियर की कोठियां हैं। बहुत से गांवों में खेती की जमीनें हैं। दुकानें और कमर्शियल प्रॉपर्टी है।
सुरिंदर सिंह का एक बंगला चंडीगढ़ की पॉश सोसाइटी सेक्टर 27 में भी है। इंडिया टीवी रिपोर्टर गौरव इस बंगले पर गए। गौरव ने बताया कि इस आलिशान घर की कीमत करीब तीस करोड़ रुपए है।
विजिलेंस ब्यूरो ने बताया कि सिर्फ लुधियाना में सुरिंदर की 43 जगहों पर प्रॉपर्टी है जिनमें मकान, दुकान, प्लॉट और खेत सबकुछ है। लुधियाना में इंडिया टीवी रिपोर्टर तुषार तीन लोकेशन्स पर गए। सुरिंदर का एक आलीशान बंगला लुधियाना के डिफेंस कॉलोनी में है।
मकान का नंबर है 39 और यह सुरिंदर पाल सिंह की मां स्वर्णजीत कौर के नाम है। लुधियाना में ही एक प्रॉपर्टी राजगुरू नगर में है, इसका एड्रेस है SCF-18, ये सुरिंदर की पत्नी मनदीप कौर के नाम है। और तीसरी एक खाली प्लॉट है जिसका पता SCF-24 है। यह सुरिंदर पाल के पार्टनर मोहिंदर सिंह के नाम है।