पंजाब की नई सरकार में मिल सकता है नवजोत सिंह सिद्धू को महत्वपूर्ण पद

चंडीगढ़। क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब की नई कांग्रेस सरकार में महत्वपूर्ण स्थान मिल सकता है। कांग्रेस सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सिद्धू ने पंजाब विधानसभा चुनाव में अमृतसर-पूर्व निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है।

सिद्धू कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह की अगुवाई में बनने वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद पा सकते हैं। कांग्रेस उम्मीदवार सिद्धू ने भाजपा और आप प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ 42,409 वोटों से जीत हासिल की है।

राज्य में चार फरवरी को हुए विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सिद्धू कांग्रेस में शामिल हुए थे। वह अमरिंदर सिंह के साथ कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल थे। अमृतसर लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहे सिद्धू ने पिछले वर्ष सितंबर में भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफ दे दिया था।

उन्होंने पहले आप के साथ बातचीत की और उसके बाद कांग्रेस के साथ, लेकिन अंत में उन्होंने आवाज-ए-पंजाब नामक अपना अलग राजनीतिक मोर्चा बनाया।

लेकिन यह मोर्चा आगे नहीं बढ़ पाया और सिद्धू अंतत: जनवरी मध्य में कांग्रेस में शामिल हो गए। पंजाब में कांग्रेस की भारी जीत के बाद अमरिंदर ने सिद्धू को सरकार में उपमुख्यमंत्री का पद दिए जाने की बात नहीं कही है। अमरिंदर ने कहा, इसका फैसला कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी करेंगे।