पंजाब में कांग्रेस का घोषणापत्र: ‘सत्ता में आई तो राज्यभर में गोशाला बनाएंगे’

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस का घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस मौके पर पंजाब के कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह समेत कई बड़े कांग्रेसी नेता मौजूद थे। इस घोषणापत्र में राज्य के किसानों के लिए बड़े वादे किए गए हैं जिनमें उनके सारे कर्जे माफ करने की बात कही गई है। साथ ही राज्य के युवाओं में बढ़ रही नशाखोरी से निपटने के लिए भी तमाम सुधारों की बात कही गई है। इस घोषणापत्र में खास बात यह है कि कांग्रेस ने कहा है कि सत्ता में आने पर सभी विकास प्रखंडों में गोशालाएं बनाई जाएंगी और हर गाय पर प्रतिदिन 30 रुपए खर्च किया जाएगा।

घोषणापत्र में वादे
1: किसानों के सारे कर्ज माफ किए जाएंगे।
2: वी.आई.पी कल्चर का अंत किया जाएगा।
3: इमर्जेंसी वाहनों को छोड़कर अन्य पर लाल बत्ती के प्रयोग पर रोक लगाई जाएगी।
4: राजनेताओं व अधिकारियों के लिए व्यक्तिगत सुरक्षाकर्मियों में 90 प्रतिशत की कटौती की जाएगी।
5: अनिवार्य न होने पर विदेश यात्रा पर 2 साल तक रोक लगाई जाएगी।
6: सरकार पर वित्तीय बोझ घटाने के उद्देश्य से सेहत बीमा करवाया जाएगा।
7: पंजाब की नदियों का पानी सिर्फ राज्य के लोगों के लिए होगा।
8: एस.वाई.एल सहित किसी भी नई नहर का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
9: अंतरराज्यीय पानी वितरण व इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत किया जाएगा।
10: नशे के खिलाफ लड़ाई, नशे के कारोबार में शामिल तस्करों, इस बेचने वालों, पुलिस अधिकारियों, राजनेताओं, अधिकारियों या लोगों को किसी भी कीमत पर न सहन करने की नीति अपनाई जाएगी।
11: एन.डी.पी.एस. केसों के ट्रायल हेतु फास्ट-ट्रैक अदालतें स्थापित की जाएंगी।
12: सत्ता में आने के 30 दिनों के भीतर नशे के व्यापारियों की जायदादों को जब्त किया जाएगा।
13: नशा पीड़ितों के खिलाफ दर्ज किए गए केसों की समीक्षा की जाएगी।
14: युवाओं को शिक्षित करने हेतु सशक्त मुहिम चलाई जाएगी।
15: नशामुक्ति केन्द्रों में हमदर्दीपूर्वक नि:शुल्क स्किल ट्रेनिंग देते हुए पुनर्वास मुहैया करवाया जाएगा।
16: प्रत्येक वर्ष 5 प्रतिशत शराब के ठेकों को बंद करवाया जाएगा।
17: रोजगार का सृजन किया जाएगा।
18: युवाओं के लिए शहीद भगत सिंह इंप्लायमेंट जनरेशन स्कीम लाई जाएगी।
19: बेरोजगार युवाओं को प्रत्येक वर्ष रियायती दरों पर एक लाख टैक्सी, कमर्शियल व अन्य वाहन मुहैया करवाए जाएंगे।
20: बेरोजगार युवाओं को 25,000 ट्रैक्टर, अन्य औजारों सहित मुहैया करवाए जाएंगे।
21: पांच सालों के दौरान नई नौकरियां पैदा करके प्रत्येक घर में नौकरी दी जाएगी।
22: औद्योगिक निवेशकों के लिए स्थानीय युवाओं को भर्ती करना अनिवार्य बनाया जाएगा।
23: काबिल प्रोफेशनलों की देखरेख में रोजगार केन्द्र स्थापित किए जाएंगे।
24: केन्द्रों में दर्ज लोगों को नौकरी मुहैया करवाने तक 2,500 रुपये प्रति माह बेरोगारी भत्ता दिया जाएगा।
25: स्मार्ट डिजिटल टेक्नॉलजी के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहन दिया जाएगा।