पंद्रह साल बाद फिर बना भारत जूनियर हॉकी चैंपियन

भारत ने हॉकी जूनियर विश्व कप में बेल्जियम को 2-1 से हराकर विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम कर लिया है।

भारत की टीम इस टूर्नमेंट में अजेय रही और उसने अपने सभी 6 मैचों में जीत दर्ज की।

15 साल बाद भारत ने यह खिताब एक बार फिर अपने नाम किया है। इससे पहले 2001 में ऑस्ट्रेलिया के होबर्ट में भारत ने अर्जेंटीना को हराकर इस खिताब पर अपना कब्जा जमाया था।

रविवार के दिन यहां के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में शानदार हॉकी खेलकर हॉकी वर्ल्ड कप का यह खिताब अपने नाम किया। खेल के पहले ही हाफ में 2 गोल की बढ़त बनाने के बाद भारत की टीम ने पूरे मैच में बेल्जियम पर अपना दबदबा बनाए रखा।

दो गोल से पिछड़ने के बाद बेल्जियम की टीम पूरे मैच में इस दबाव से उबर ही नहीं पाई। भारत की ओर से गुरजंत और सिमरनजीत सिंह ने गोल किए। इस मैच में पहला गोल करने वाले गुरजंत सिंह को उनके शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के बाद हॉकी समर्थकों की उम्मीदें फिर से जिंदा हो गयी हैं और उन्हें उम्मीद है कि शायद अब भारतीय हॉकी के दिन फिर सकते हैं।