परिवार में झगड़ा जारी : शिवपाल ने रामगोपाल के दो रिश्तेदारों को पार्टी से निकाला

परिवार में झगड़ा जरी: शिवपाल ने रामगोपाल के दो रिश्तेदारों को पार्टी से निकाला

लखनऊ। मुलायम कुनबे का झगड़ा सुलटा नहीं है। शिवपाल यादव ने अपने और अमर सिंह के विरुद्ध बयानबाज़ी करने वाले अपने चचेरे भाई तथा सपा राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव को बड़ा झटका दिया है। उनके दो निकट संबंधियों को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
इससे पहले मुलायम सिंह के अनुज शिवपाल ने सपा का प्रदेश अध्यक्ष पद संभालते ही सीएम
अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले राजेन्द्र चौधरी को प्रवक्ता पद से हटा दिया था। पारिवारिक विवादों पर पर्दा डालने की कोशिशों के बीच उन्होंने प्रदेश सपा कार्यालय पहुँचने के बाद सब से पहले रामगोपाल यादव के दो रिश्तेदारों को ही निपटाया।
शिवपाल ने अपने पहले फैसले में पार्टी के विधानसभा सदस्य अरविन्द प्रताप यादव और इटावा में पूर्व ग्राम प्रधान अखिलेश कुमार यादव को भूमि कब्जे तथा ऐसी ही अन्य गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में निष्कासित कर दिया। अरविन्द राम गोपाल के भतीजे हैं। बताते है कि अरविन्द और अखिलेश के खिलाफ भूमि कब्जा करने तथा अन्य कई शिकायतें थीं।सपा के राज्य सचिव एसआरएस यादव ने बताया कि अरविन्द को पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अशोभनीय एवं अपमानजनक टिप्पणी और पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने के लिए निष्कासित किया गया है। अलग बात है कि इन आरोपों के तहत करवाई से पहले दोनों का पक्ष जानना जरुरी नहीं समझ गया।

यूपी से हाशमी