नोदिया। पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में एक गर्भवती महिला को ठोकर मारने के आरोप में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के पंचायत स्तर के एक नेता को गिरफ्तार किया है। ठोकर लगने से महिला के गर्भ में तीन महीने के भ्रूण को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि यह घटना उस समय हुई जब दो लडक़े दुबुलिया में परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और उन्होंने दिन-रात के कीर्तन की तेज आवाज का विरोध किया। इससे नाराज साधोनपारा 2 ग्राम पंचायत प्रधान और भाजपा नेता पलाश विश्वास तथा उनके साथियों ने दोनों लडक़ों को क्लब रूम से घसीट कर बुरी तरह से पीटा।
लडक़ों को पिटता देख एक गर्भवती महिला माया सांत्रा अपने रिश्तेदारों के साथ उन्हें बचाने के लिए आई। महिला के पति संजॉय सांत्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने माया को भी बुरी तरह से पीटा। महिला को बुधवार को कृष्णानगर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां जांच में पाया गया कि महिला के भ्रूण को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने बाद में भाजपा नेता और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।