पहली बार भारत करेगा तालिबान से नौपचारिक स्तर पर वार्ता, रूस में होगी बैठक

 

भारत पहली बार तालिबान से अनौपचारिक स्तर पर वार्ता करेगा। शुक्रवार को बहुपक्षीय बैठक के दौरान मॉस्को में भारत और तालिबान के बीच ये वार्ता होगी। इस बैठक का आयोजन रूस के द्वारा अफगानिस्तान में शांति स्थापना के लिए किया जा रहा है। इसमें अमेरिका, भारत, चीन और पाकिस्तान समेत कई देशों को आमंत्रित किया गया है। जानकारी के मुताबिक तालिबान भी इस बैठक में हिस्सा लेगा।

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि रुसी संघ 9 नवंबर को मॉस्को में अफगानिस्तान के मुद्दे पर एक बैठक आय़ोजित करने जा रहा है। इसमें भारत अनौपचारिक स्तर पर तालिबान के साथ बातचीत में हिस्सा लेगा।

भारत की तरफ से अमर सिन्हा इसमें प्रतिनिधित्व करेंगे, बता दें कि वे अफगानिस्तान में भारतीय राजदूत हैं। इसके अलावा यहां पाकिस्तान में पूर्व भारतीय उच्चायुक्त टी सी ए राघवन भी होंगे।

आपको बता दें कि रूस के व्लादीमिर पुतिन ने पिछले महीने नई दिल्ली का दौरा किया था इसके बाद ही भारत की तरफ से ये कदम तब उठाया गया है। रवीश कुमार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि भारत, अफगानिस्तान में शांति और पुनर्स्थापना के लिए पूरा समर्थन करता है।

ऐसा पहली बार होगा जब जब अफगानिस्तान में शांति व्यवस्था के लिए भारत तालिबान से वार्ता करने जा रहा है। रूसी न्यूज एजेंसी स्पूतनिक की रिपोर्ट के अनुसार मॉस्को फॉर्मैट टॉक्स के लिए इरान, कजाकिस्तान, किर्जिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उजबेकिस्तान को भी निमंत्रण भेजा गया है।

सितंबर में अफगानी राष्ट्रपति अशरफ गनी के भारत दौरे पर पीएम मोदी ने कहा था कि भारत अफगानिस्तान में शांति बहाल करने के लिए पूरी तरह से तत्पर हैं।