अफ़गानिस्तान और पाकिस्तान में भारी बर्फ़बारी और हिमस्खलन से कई लोग मारे गए हैं। पिछले तीन दिनों में अफ़गानिस्तान में 100 लोगों की जान चली गई जिसमें 16 लोग तो अफ़गानिस्तान की राजधानी काबुल के ठीक उत्तर में हिमस्खलन में मारे गए। 13 लोग उत्तरी पाकिस्तान में हिमस्खलन के कारण मारे गए। इसमें से नौ लोगों को चितराल शहर में जान गंवानी पड़ी, शहर के कई घर बर्बाद हो गए हैं।
अफ़ग़ानिस्तान के पहाड़ी इलाके उत्तर-पूर्वी प्रांत बादख़शां बुरी तरह से बर्फ़बारी की चपेट में है। पूर्व में नांगरहार और काबुल के पास परवान में भी लोग बर्फ़बारी से त्रस्त हैं। रनवे पर बर्फ़ जमे होने के कारण काबुल अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट को भी बंद कर दिया गया है जबकि बर्फ़ के कारण अफ़गानिस्तान की कई सड़कें थम सी गई हैं। काबुल-कांधार हाईवे बर्फ़बारी से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
काबुल के करीब सलांग पास को भी बंद कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस प्रमुख रजाब सलांगी ने रॉयटर्स न्यूज़ एजेंसी को बताया कि यहां सात फुट तक बर्फ़ जमी है। अधिकारियों ने अभी और हिमस्खलन और बर्फ़बारी की चेतावनी दी है।