जम्मू: पाकिस्तान ने आज एक बार फिर उल्लंघन करते हुए जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में गोलीबारी की, जिसमें सीमा सुरक्षा बल(बीएसएफ) के एक अधिकारी समेत आठ लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया, ” पाकिस्तान ने जम्मू के आर एस पुरा और अरनिया क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुबह गोलीबारी की, जिसमें बीएसएफ अधिकारी एएसआई एके उपाध्याय घायल हो गए। जम्मू के उपायुक्त समरंदीप सिंह ने बताया कि पाकिस्तान ने साई कलां क्षेत्र में भी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि अरनिया में डेढ़ बजे से फायरिंग हो रही है।
लोग अपने घरों के अंदर हैं। जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है लेकिन फायरिंग में कुछ मवेशी मारे गए हैं। इस बीच पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि सीमा पार मोर्टार का एक गोला दागे जाने से सात लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान नीलम चौधरी, सोमा देवी, कमलेश कुमारी, वीना कुमारी, मंजू चौधरी, साक्षी चौधरी और सनजना चौधरी के रूप में हुई है। सभी घायलों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी अभी भी जारी है।