पुलवामा में हुए आत्मघाती आतंकी हमले पर योगगुरु बाबा रामदेव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अब पाकिस्तान के साथ जंग के अलावा और कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा है। क्योंकि लातों के भूत बात से नहीं मानते।
उन्होंने ये भी कहा है कि पाकिस्तान के साथ बात करते हुए 70 साल गुजर गए और अब तक कई भारतीय जवान शहीद हो गए। अब और कितनी शहादत झेलेंगे हम? बातचीत का अब कोई मतलब नहीं है।
योगगुरु बाबा रामदेव का स्पष्ट कहना है कि बिना क्रांति देश और दुनिया में आज तक कभी शांति स्थापित नहीं हुई। युद्ध के बाद ही बुद्ध पैदा हुए। सम्राट अशोक, जिन्हें आज हम अपना आदर्श मानते हैं।
सम्राट अशोका के प्रतीक सत्यमेव जयते और बुद्ध स्तूप को हम अपना राष्ट्रीय प्रतीक मानते हैं। सम्राट अशोक भी युद्ध की ही देन हैं इसलिए युद्ध के बिना कोई शुद्ध नहीं होता है।
न्यूज़ ट्रैक पर छपी खबर के अनुसार, बाबा रामदेव ने कहा है कि हालांकि युद्ध, क्रुद्ध होकर नहीं बल्कि बुद्ध और शुद्ध होकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान की जनता से हमे कोई दुश्मनी नहीं है, किन्तु वहां के सत्तासीन लोग इतने नादान हैं कि उनको हम बिना वार के समझा नहीं सकते हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा है कि युद्ध कितना होगा, कैसे होगा, कब होगा यह पीएम मोदी को निर्धारित करना है। क्योंकि पीएम मोदी लोकतंत्र के सबसे बड़े ओहदे और संवैधानिक पद पर आसीन हैं, किन्तु अब फैसले में देरी नही होनी चाहिए।