पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में आतंकवाद बढ़ा: राहुल गांधी

पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में आतंकवाद बढ़ा है: राहुल गांधी

लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि राजग के पास जम्मू कश्मीर जैसे गंभीर मसले के बारे में कोई रणनीति नहीं है। उन्होंने कहा कि जब से जम्मू कश्मीर में पीडीपी और भाजपा का गठबंधन हुआ है तभी से आतंकवाद बढ़ा है।
राहुल किसान यात्रा के तहत कानपुर देहात जिले के पुखराया में खाट सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जम्मू के उड़ी में जो हुआ उसकी जिम्मेदारी पाकिस्तान के साथ हमारी सरकार की नीति पर भी है।
उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में नौ साल कांग्रेस गठबंधन की सरकार रही। हमने आतंकवाद को दबा दिया। वर्तमान सरकार ने आतंकवाद की राह खोली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा वह इवेंट मैनेजमेंट की बात करते हैं। यह लड़ाइयां मैनेजमेंट से नहीं जीती जातीं। यह गंभीर मामला है।

उन्होंने कहा कि हमें जवानों के परिवारों के लिये जरूर कुछ किया जाना चाहिए। कश्मीर के लिए भी एक रणनीति बनाने की जरूरत है। इसके आधार पर ही कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल ने प्रदेश की समाजवादी सरकार और बहुजन समाज पार्टी को भ्रष्टाचार में डूबा हुआ बताया।

यूपी से हाशमी