रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को के खिलाफ अमेरिकी प्रतिबंधों को ‘प्रतिकूल प्रभाव वाला और निरर्थक’ करार दिया। इससे पहले वाशिंगटन ने मॉस्को को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह और आर्थिक प्रतिबंधों के लिए तैयार रहे।
पुतिन ने फिनलैंड के अपने समकक्ष साउली नीनिस्तो के साथ संवाददाता सम्मेलनमें कहा, “ये प्रतिबंध प्रतिकूल प्रभाव वाले और निरर्थक कार्रवाई है, खासकर रूस जैसे देश के लिए।” पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आखिरकार वाशिंगटन को अहसास होगा कि ‘इस नीति का कोई भविष्य नहीं है।
रूस के प्रधानमंत्री ने अमेरिका को प्रतिबंध बढ़ाने पर कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि मॉस्को आर्थिक, राजनीतिक और ‘‘अन्य’’ अज्ञात माध्यमों से इसका जवाब देगा।
दमित्री मेदवेदेव का कड़ा संदेश अमेरिका के नये प्रतिबंधों का संकेत दिए जाने के बाद जारी हुआ जिसे क्रेमलिन रेड लाइन के तौर पर देखता है. अमेरिकी प्रतिबंधों के कारण रूस की मुद्रा रूबल दो वर्षों में सबसे निचले स्तर पर चली गई है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने कल कहा कि वॉशिंगटन ने इस हफ्ते कहा था कि मॉस्को ने नोविचोक नर्व एजेंट जहर का इस्तेमाल रूस के पूर्व जासूस सर्गेई स्क्रीपल और उनकी बेटी पर ब्रिटेन के सैलिसबरी शहर में किया था और इस महीने के अंत तक प्रतिबंध लगाए जाएंगे।