पुलिस की पुछताछ में विकास बराला ने अपना जुर्म किया कबूल, कोर्ट में आज होगी पेशी

नई दिल्ली। चंडीगढ़ की वर्णिका कुंडु का पीछा करने के मामले में आरोपी विकास बराला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। विकास ने पुलिस की पूछताछ में कहा है कि उसने वर्णिका का अपनी कार से पीछा किया था। उसके साथ उसका दोस्त आशीष भी था।

हालांकि, किडनैप की कोशिश को लेकर किये गए सवाल का विकास ने कोई सही जवाब नही दिया। विकास और उसका दोस्त चंडीगढ़ पुलिस की गिरफ्त में है जिसे करीब 1 बजे कोर्ट में पेश कर रिमांड लेने की कोशिश करेगी।

बता दें कि विकास बराला के खिलाफ किडनैपिंग की कोशिश की गैर-जमानती धाराएं जोड़ी गई हैं। डीजीपी चंडीगढ़ पुलिस तेजेंदर लूथरा ने कहा कि दोनों से पूछताछ हुई। किडनैपिंग की धारा बढ़ेगी और दोनों को अरेस्ट किया गया है।

कल सुबह दोनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा और कोर्ट से रिमांड मांगी जाएगी। पांच दिनों के अंदर विकास बराला दूसरी बार पुलिस के हत्थे चढ़े। पुलिस के मुताबिक विकास बराला उस रात नशे में था।

वो जांच में सहयोग नहीं कर रहा था इसलिए उसे थाने बुलाया गया था। पुलिस का ये भी कहना है कि वर्णिका को इंसाफ दिलाया जाएगा।

इससे पहले हरियाणा बीजेपी के अध्यक्ष और छेड़छाड़ के आरोपी विकास बराला के पिता सुभाष बराला आज मीडिया के सामने आये और दावा किया कि कभी पुलिस पर दबाव नहीं डाला गया। उन्होंने कहा कि विकास पर जो भी आरोप लगे हैं उसपर पुलिस कार्रवाई करे।

इस केस में किसी तरह की राजनीति नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि वर्णिका समाज की बेटी है और उसके साथ अगर कुछ गलत हुआ है तो आरोपी पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मेरी विकास से बात हुई और मैंने उसे जांच में पूरा सहयोग करने को कहा है।