पुलिस फायरिंग के विरोध में आज झारखंड बंद, प्रशासन अलर्ट

रांची। हजारीबाग के बड़कागांव में हुई पुलिस फायरिंग के खिलाफ सोमवार को सर्वदलीय संघर्ष मोरचा ने झारखंड बंद का आह्वान किया है। मोरचे में कांग्रेस, झाविमो, राजद, जदयू, वामदल सहित विपक्ष की कई छोटी पार्टियां शामिल हैं। मुख्य विपक्षी दल झामुमो ने भी बंद को नैतिक समर्थन दिया है। बंद को लेकर विपक्षी दलों ने रविवार शाम को राज्य भर में मशाल जुलूस निकाला। आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखने की भी घोषणा की गयी है।

विपक्ष के झारखंड बंद को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं। राज्य में 20 हजार से अधिक जवान तैनात किये गये हैं. सभी एसपी को अलर्ट कर दिया गया है। विशेष शाखा को आशंका है कि बंद के दौरान विधि- व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

बंद समर्थक तोड़-फोड़ कर सकते हैं। भीड़ को नियंत्रण में रखने के लिए पब्लिक एड्रेसिंग सिस्टम की व्यवस्था की गयी है। टाइगर मोबाइल और पीसीआर में तैनात पुलिस पदाधिकारी व जवानों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। रांची में अतिरिक्त एक हजार सुरक्षा बल और मजिस्ट्रेट तैनात किये जायेंगे।