मुंबई: चीन के शेयर बाज़ारों की खराब हालत की वजह से गुरुवार को भी भारतीय शेयर बाजारों में तेज गिरावट देखने को मिल रही है। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स कारोबार की शुरुआत में ही 400 पॉइंट्स से ज़्यादा टूटकर 25,000 अंक से नीचे आ गया था और कुछ ही वक़्त बाद यह 500 से भी ज़्यादा पॉइंट्स टूट गया। इसी के साथ रुपये में भी गिरावट देखी गई। यह आज 67 प्रति डॉलर की कीमत पर आ गया।
सेंसेक्स की हालत ख़राब ..
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स गुरुवार को कारोबार के दौरान जोरदार गिरावट का शिकार हुआ, और एक वक्त पर यह 509.89 अंक लुढ़ककर 24,896.44 तक पहुंच गया था। बुधवार को 25,406.33 पर बंद हुआ सेंसेक्स गुरुवार दोपहर बाद 12:23 बजे 449.31 पॉइंट्स (या 1.77 फीसदी) की गिरावट के बाद 24,957.02 पर कारोबार कर रहा था।
चीन में शेयर बाजारों में कारोबार रुका…
चीन की मुद्रा युआन के कीमत में कमी के बाद लगातार दूसरे दिन वहां भारी गिरावट के चलते कारोबार रोकना पड़ा। इसका भारतीय बाजारों पर असर देखा गया। अमेरिकी डॉलर के सामने रुपये की नरमी का भी बाजार पर असर रहा।
चीन का शंघाई शेयर बाजार कारोबार के शुरआती दौर में 7.32 फीसद टूट गया जिसकी वजह से बाजार इंतजामिया को कारोबार रोकना पड़ा। तमाम एशियाई बाजारों में भी इसका असर देखा गया।