मुंबई, 02 जुलाई: अदाकारा जिया खान की खुदकुशी की तर्ज पर दिल्ली की एक मॉडल पल्लवी झा ने इतवार की रात मुंबई के आदर्श नगर ओशिवारा इलाके में अपने किराये के मकान में खुदकुशी कर ली। वह फिल्म एडिटिंग का काम भी कर चुकी थी। पल्लवी की मां की शिकायत पर पुलिस ने उसके साबिक आशिक के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि इस मामले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पल्लवी यहां अपने एक दोस्त जयसिंह कासना के साथ रहती थी। जयसिंह जब इतवार की रात घर लौटा तो पल्लवी पंखे से लटकते मिली। इत्तेला पर पीर की सुबह पल्लवी की मां यहां पहुंचीं और साबिक आशिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, पुलिस बिना जांच किसी तरह की कार्रवाई से बच रही है।
पुलिस ने बताया कि पल्लवी दिल्ली से दो महीने पहले ही मुंबई आई थी और एक टीवी सीरियल में बतौर वीडियो एडीटर जुड़ी थी। दिल्ली में उसका शैलेंद्र शर्मा नामी एक शख्स के साथ पिछले पांच साल से ताल्लुक था और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन बाद में शैलेंद्र के घरवालों ने पल्लवी से एक फ्लैट, कार और 20 लाख रुपये की मांग की।
पल्लवी के लिए शैलेंद्र के घरवालों की इस मांग को पूरा कर पाना मुम्किन नहीं था और सगाई टूट गई।
इसके बाद पल्लवी ने शैलेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया और वह मुंबई चली आई। इल्ज़ाम है कि शैलेंद्र पल्लवी पर अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए मुसलसल दबाव बना रहा था।