फीफा विश्व कप: 28 साल बाद वर्ल्ड कप खेल रहे मिस्र की दुसरी हार, टूर्नामेंट में रहना मुश्किल!

मेजबान रूस ने फीफा वर्ल्ड कप में मिस्र को 3-1 से हरा लगातार दूसरी जीत दर्ज की। सेंट पीटर्सबर्ग स्टेडियम में मंगलवार देर रात ग्रुप-ए के मुकाबले में इस जीत के साथ रूस के दो मैचों में छह अंक हो गए हैं और वह नॉकआउट चरण में प्रवेश की दहलीज पर पहुंच गया है।

वहीं, मिस्र के लिए अगले दौर में जाना बेहद मुश्किल हो गया है। मैच के सभी गोल दूसरे हाफ में आए। मिस्र के स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह ने चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी की और पेनल्टी पर गोल भी दागा, लेकिन 28 साल बाद पहला विश्व कप खेल रहे मिस्र को लगातार दो हार के बाद अब वापसी का टिकट कटाना पड़ सकता है।

अहमद फातही ने आत्मघाती गोल दागकर 47वें मिनट में रूस को बढत दिला दी। यह इस टूर्नमेंट का 5वां आत्मघाती गोल रहा। इसके बाद डेनिस चेरिशेव और आर्तियोम ज्युबा ने लगातार गोल दागकर रूस को 3-0 की बढ़त दिला दी।

इससे पहले रूस ने शुरुआती मैच में सऊदी अरब को 5-0 से हराया था। चेरिशेव का यह इस विश्व कप में तीसरा गोल रहा और सर्वाधिक गोल करने वालों की सूची में वह क्रिस्टियानो रोनाल्डो के साथ शीर्ष पर आ गए हैं।