कानपुर, 25 अप्रैल: काकादेव के इलाके में शादी की तकरीब में फेरों से पहले लड़की अपने होने वाले दुल्हे को मंडप के नीचे अकेला छोड़कर पड़ोसी के साथ भाग निकली। बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। लड़की के वालिद ने मुल्ज़िम के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
गीता नगर के गजोधरपुरवा में मंगल की रात नौबस्ता से बारात आई थी। जयमाल के बाद देर रात मंडप के नीचे प्रोग्राम शुरू हुए। सारी रस्म के बाद सात फेरे लेने की आ गई। इससे पहले कि पंडित जी फेरे शुरू कराते लड़की ने अपनी वालदा से जी मिचलाने की बात कही और छत पर चली गई। वहां से वह घर के पीछे रहने वाले अपने आशिक रामू के साथ भाग निकली। इस बीच दुल्हन के गायब होने से हड़कंप मच गया।
घर वाले पड़ोस में रहने वाले रामू के घर पहुंचे तो वह भी गायब मिला। बारात को बिना दुल्हन ही लौटना पड़ा। इस सदमे से लड़की के वालिद की तबियत बिगड़ गई, उन्हें हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
घर वालो का कहना है कि लड़की डेढ़ लाख रुपये कीमत के जेवर भी ले गई है। काकादेव एसओ गोपीचंद्र यादव ने बताया की तहरीर की बुनियाद पर कार्रवाई की जाएगी।