फ्लाईओवर हादसा: अधिकारी गिरफ़्तार किये गए

कोलकत्ता: वाहनों और रेहड़ी-पटरी वाले विक्रेताओं पर कल यहां गिरे एक फ्लाईओवर के मलबे से आज तीन और लोगों के शव बरामद किए गए और मरने वालों की कुल संख्या 24 पहुंच गई। इस फ्लाईओवर का निर्माण करने वाली कंपनी के पांच अधिकारियों को भी हिरासत में लिया गया है।

इस घटना में करीब 90 लोग घायल हुए थे जिनमें से सात की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।

एक पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि सेना के जवान कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन दल, राष्ट्रीय आपदा राहत बल और दमकल कर्मियों के साथ मिलकर रातभर बचाव अभियान में जुटे रहे। उन्होंने कंक्रीट के मलबे के नीचे से तीन और शवों को बरामद किया।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में घायल होने वालों की संख्या तकरीबन 90 है।

उन्होंने कहा, ‘‘कोई भी व्यक्ति अभी तक जीवित नहीं पाया गया है। चकनाचूर हुए दो ऑटोरिक्शा समेत कई और वाहनों को मलबे से निकाला गया है। अभी भी एक लोडिंग वाहन :लॉरी: मलबे में दबी हुई है। अभी वहां कोई और फंसा है या नहीं इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता।’’ निर्माणाधीन इस फ्लाईओवर का लगभग 60 मीटर लंबा हिस्सा कल अपराह्न अचानक गिर गया था और कई लोग इसके नीचे दब गए थे।

कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि इस फ्लाईओवर का निर्माण कर रही हैदराबाद की आईवीआरसीएल कपंनी के पांच अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है।

(पीटीआई के हवाले से ख़बर)