बंगाल चुनाव: BJP नेता रुपा गांगुली ने की TMC कार्यकर्ता से धक्का-मुक्की

हावड़ा। BJP नेता रूपा गांगुली एक विडियो में हावड़ा के एक मतदान केंद्र के बाहर तृणमूल कांग्रेस की एक महिला कार्यकर्ता को धक्का देती हुई नजर आ रही हैं। इस विडियो में रूपा की TMC कार्यकर्ताओं के साथ बहस होती दिख रही है। इसी दौरान गुस्से में रूपा ने महिला कार्यकर्ता को धक्का दे दिया। इससे पहले हावड़ा के सलकिया बूथ स्टेशन पर हंगामा भी हुआ। यहां मतदाताओं ने TMC कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया कि वे लोगों पर TMC को वोट देने का दबाव डाल रहे हैं।

मालूम हो कि पश्चिम बंगाल में आज चौथे चरण का मतदान हो रहा है। इस चरण में 49 सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग वोट डालने मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। पहले 2 घंटों में ही 21.69 फीसद वोटिंग दर्ज की गई। आज के मतदान के लिए 1.8 करोड़ योग्य मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

जिन 49 सीटों के लिए आज मतदान हो रहा है, वहां 2011 के विधानसभा चुनाव नतीजे में TMC ने 43 सीटें हासिल की थीं। लेफ्ट को 4 सीटें मिली थीं और कांग्रेस ने 2 सीटों पर सफलता हासिल की थी। वहीं BJP का खाता भी नहीं खुल सका था।