स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उसने राज्य में अपने ही पतन की पटकथा लिख दी है। स्मृति ने कांग्रेस-वाम मोर्चा गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे केवल सत्ता हथियाने के लिए हाथ मिलाते हैं। मानव संसाधन विकास मंत्री ने एक चुनावी रैली में कहा, आज बंगाल में पंजा लाल सलाम कर रहा है और रैलियों में लाल झंडे उठा रहा है।
उनका केवल एक एजंडा है और वह है किसी भी तरह राज्य की सत्ता हथियाना। भाजपा के इंग्लिशबाजार के उम्मीदवार सुमन बनर्जी के समर्थन में वृंदावनी मैदान में आयोजित रैली में स्मृति ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और लोगों से पूरी तरह इस बारे में सोचने को कहा कि मां-माटी-मानुष की सरकार ने उन्हें क्या दिया था।
उन्होंने कहा, बंगाल में क्या बदला है? क्या आप यही बदलाव चाहते थे जहां बेरोजगारों के लिए कोई काम नहीं हुआ और किसानों को उनके खेत सींचने के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलता? मां-माटी-मानुष की इस सरकार ने अपना पतन खुद लिखा है। स्मृति ने राज्य में कानून व्यवस्था की हालत की आलोचना करते हुए दावा किया कि राज्य में महिलाओं का उत्पीड़न होता है और वे सम्मान का जीवन नहीं जी सकतीं। बच्चियां तक असुरक्षित हैं।
You must be logged in to post a comment.