बंगाल: वाममोरचा-कांग्रेस का राज्यपाल से मुलाकात, गठबंधन जारी रहेगा

कोलकाता। राज्य में चुनाव परिणाम बाद हिंसा की घटनाओं से राज्यपाल को अवगत कराने के लिए वाममोरचा-कांग्रेस का संयुक्त प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी से मिला। उनको ज्ञापन सौंपा। वाममोरचा-कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में डॉ सूर्यकांत मिश्रा, माकपा प्रत्याशी रॉबिन देब, माकपा विधायक सुजन चक्रवर्ती, प्रबोध चंद्र सिन्हा और कांग्रेस की ओर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर चौधरी, मानस भुईंया, अब्दुल मन्नान प्रमुख थे।

अधीर चौधरी ने संवाददताओं को कहा कि मतदान के बाद से राज्य में राजनैतिक हिंसाओं का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि तृणमूल राज्य के विरोधी दलों के अस्तित्व को मिटाने के कोशिश कर रही है।

विधानसभा चुनाव में वाममोरचा-कांग्रेस गंठबंधन की बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है। इस स्थिति में यह कयास लगाये जा रहे हैं कि चुनाव में मतदान के खत्म होने के बाद शायद वाम-कांग्रेस के बीच हुए गंठबंधन टूट जाये, लेकिन इन अटकलों पर अधीर ने विराम लगाते हुए कहा कि यह गंठबंधन केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं हुआ था। इससे भविष्य में भी जारी रखा जायेगा।