बकरी चुराने के तनाजे में नौजवान को मारी गोली

बकरी चुराने के पुराने तनाजे को लेकर कुछ लोगों ने शमशाद को गोली मार दी। इसकी वजह वह संगीन तौर से जख्मी हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अहले खाना और मुक़ामी लोगों की मदद से उसे पीएमसीएच में एडमिट कराया, जहां से उसे प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया। वाकिया पीरबहोर थाना की चंबल घाटी कॉलोनी की है।

शमशाद के मुताबिक पड़ोस में रहने वाला खालिद बकरी पालने का काम करता है। जनवरी माह में उसकी बकरी चोरी हो गयी। कॉलोनी के कुछ लोगों ने उसके ऊपर बकरी चुराने का इल्ज़ाम लगाया। पुलिस जांच में ये इल्ज़ाम गलत निकला। इसमें शिकायत करनेवाला ही फंस गया। इसके बाद दोनों फरीक़ के दरमियान जम कर मारपीट हुई। मुक़ामी लोगों ने दोनों फरीक़ को समझा कर मामले को शांत कराया।

शमशाद ने बताया कि इतवार की सुबह छह बजे वह दुकान खोल रहा था। इसी दौरान तीन लोग आये और गाली-गलौज करने लगे। उनको मना करने पर उनमें से एक ने कट्टे से उस पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुन काफी लोग जुट गये, जिससे हमलावर फरार हो गये। शमशाद ने इस सिलसिले में कॉलोनी के ही मोहम्मद महताब, मो अशरफ व मोहम्मद महफूज के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। थाना इंचार्ज निसार अहमद ने बताया कि चंबल घाटी कॉलोनी के लोगों से पूछताछ की जा रही है।